उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश में जैविक खेती को दे रही बढ़ावा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश में जैविक खेती को बढ़ावा दिए जाने हेतु कई योजनाएं चलाई जा रही है। वर्ष 2019-20 में परंपरागत कृषि विकास योजना अंतर्गत 25 जनपदों में 500 क्लस्टर का गठन कर कृषि विभाग द्वारा एवं नमामि गंगे योजना के अंतर्गत 11 जनपदों में 700 क्लस्टर का गठन कर यूपी डास्प द्वारा कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। वर्ष 2020-21 में नमामि गंगे योजना के अंतर्गत 16 जनपदों में 1789 क्लस्टर का गठन कर कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है।कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश में जैविक खेती को बढ़ावा दिये जाने हेतु योजना संचालित की जा रही है। कुल 49 जनपदों के 3309 क्लस्टरों में जैविक खेती का कार्य किया जा रहा है। झांसी व बांदा में ऑर्गेनिक आउटलेट की स्थापना कराई गई है। अब तक 15 जनपदों के 750 में कार्यक्रम संचालित कर कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इसके अतिरिक्त मृदा में जीवांश कार्बन की मात्रा को बढ़ाने हेतु वर्मी कम्पोस्ट यूनिट की स्थापना की जा रही है। अब तक 240243 वर्मी कम्पोस्ट यूनिट की स्थापना कराई जा चुकी हैं। प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2017-18 में 69139 वर्मी कम्पोस्ट यूनिट की स्थापना कराई गई है जबकि 2018-19 में 84812 वर्मी कम्पोस्ट यूनिट की स्थापना कराई गई। वर्ष 2019-20 में 83036 वर्मी कम्पोस्ट यूनिट की स्थापना कराई गई है। वर्ष 2020-21 में अब तक 3256 लाभार्थियों का चयन कर 947 वर्मी कम्पोस्ट यूनिट की स्थापना कराई जा चुकी है।योजनान्तर्गत चयनित लाभार्थियों को नियमानुसार 75 प्रतिशत अनुदान भी उपलब्ध कराया जा चुका है।