होटल के कर्मचारी पर मामूली बात पर लोहे की रॉड से हमला

 

रिपोर्ट:ऋषभ तिवारी

कानपुर। कानपुर के थाना कलक्टरगंज क्षेत्र के कोपरगंज इलाके में स्थित एक होटल के कर्मचारी पर मामूली बात पर लोहे की रॉड से हमला करके मरणासन्न कर दिया गया। गंभीर हालत में सहकर्मचारी उसे उर्सला अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर कलक्टरगंज और बादशाहीनाका थाने का फोर्स पहुंची। लेकिन तब तक हमलावर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू कराई है।

बादशाहीनाका थाना क्षेत्र के नौघड़ा निवासी अमन बाजपेई कोपरगंज स्थित प्रिंस होटल में काम करता था। शुक्रवार देर रात वह घंटाघर से अंडे लेकर वापस होटल पर पहुंचा। तभी किसी बात पर पड़ोस के होटल लग्जरी इन के कर्मचारी से उसकी बहस हो गई। आरोप है कि कर्मचारी ने अपने साथियों के साथ मिलकर अमन पर लोहे की रॉड और डंडे से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट आने से अमन लहूलुहान होकर गिर पड़ा। इसके बाद होटल मैनेजर आैर अन्य लोग पहुंचे। सह कर्मचारी गंभीर घायल अमन को तुरंत उर्सला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया

थाना प्रभारी संजीव कांत मिश्र ने बताया कि अमन के स्वजनों को सूचना दे दी गई है। होटल प्रिंस के मैनेजर ने हमला करने वालों के नाम बताए हैं। उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Check Also

घर के कमरे में फंदे पर झूलता मिला विवाहिता का शव…

कासगंज : थाना गंजडुंडवारा के गांव बहारपुर में 33 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में …