मिल्खा सिंह के निधन से उत्तर प्रदेश में शोक की लहर

लखनऊ। दुनिया भर में अपने प्रदर्शन के जरिये देश को कई बार गौरवान्वित करने वाले मशहूर एथलीट मिल्खा सिंह के निधन से उत्तर प्रदेश में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई राजनीतिक हस्तियों ने फ्लाइंग सिख के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
कोरोना संक्रमित मिल्खा सिंह का शुक्रवार को चंडीगढ के एक अस्पताल में निधन हो गया था। वह करीब 91 वर्ष के थे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट किया “ ‘फ्लाइंग सिख’ के नाम से लोकप्रिय श्री मिल्खा सिंह की उपलब्धियां देशवासियों को हमेशा गौरवांवित करती रहेंगी। उनके निधन से खेल जगत को हुई क्षति की भरपाई होना कठिन है।” उन्होने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
प्रदेश में मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा “ भारत के जाने-माने एथलीट एवं ‘फ़्लाइंग सिख’ के नाम से मशहूर मिल्खा सिंह जी के कोरोना से निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति व शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।”
कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा “ देश में जब भी उड़ान की कहानियां कही जाएंगी, तब एक ऐसी शख्सियत का नाम जरूर आएगा जिसने रेस के मैदान में देश और करोड़ों भारतीय युवाओं के सपनों को एक नई ऊंचाई दी। मिल्खा सिंह जी, विनम्र श्रद्धांजलि।

Check Also

कक्षा 12 के छात्र ने उत्तर पुस्तिका में लिखा- गुरुजी पास कर दीजिए….

UP Board:  उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में यूपी बोर्ड परीक्षा का मूल्यांकन जिले के चार …