बंगाल में पार्टी कार्यकर्ताओं पर हमले के विरोध में दिल्ली भाजपा का प्रदर्शन

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में पार्टी कार्यकर्ताओं पर तृणमूल कांग्रेस के कथित हमलों के विरोध में बुधवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने भाजपा के राष्ट्रीय संगठक वी. सतीश और राष्ट्रीय भाजपा नेता अनिल बी. गांगुली के साथ युसूफ सराय मार्केट में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं पर हिंसा का नंगा तांडव किया जा रहा है, वह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आदेश गुप्ता के अलावा भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री सुनील देवधर ने मदर डेयरी त्रिलोकपुरी में, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी मीठापुर चौक अम्बेडकर पार्क में, संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने विराट सिनेमा दक्षिणपुरी में और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक विजेंदर गुप्ता ने राजौरी गार्डन मार्किट में विरोध प्रदर्शन किया।

आदेश गुप्ता ने कहा कि आज दिल्ली भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा बंगाल में हो रही हिंसा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। उन्होंने कहा है कि 2 मई को चुनाव नतीजे आने के बाद तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बंगाल में जो हिंसा चक्र चलाया है वह कोई नया नही है। साल 2014 से अब तक बंगाल में लगभग 400 से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या तृणमूल कांग्रेस के लोगों ने की है। इन हत्याओं पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की चुप्पी उनकी अपने पार्टी कार्यकर्ताओं के हिंसक खेल को स्वीकृति के समान है। श्री गुप्ता ने कहा है कि तृणमूल कांग्रेस को यह समझना होगा कि देश बंगाल में राजनीतिक हिंसा को कदापि बर्दाश्त नहीं करेगा और देश भर के भाजपा कार्यकर्ता आज बंगाल के अपने साथियों के साथ खड़े हैं। अगर बंगाल में राजनीतिक हिंसा नहीं रूकी तो भाजपा कार्यकर्ता सुश्री ममता बनर्जी के संरक्षण में हो रहे इन दंगों को जन-जन के बीच उजागर करेंगे।

प्रदेश महामंत्री हर्ष मल्होत्रा ने बताया कि आज दिल्ली के लगभग 150 से अधिक जगहों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने बंगाल में हो रही हिंसा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया और यह कल भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि बंगाल में अगर भाजपा कार्यकर्ताओं पर हिंसा नहीं रुकी तो इसके खिलाफ भाजपा आवाज उठाती रहेगी।

Check Also

आप कार्यकर्ताओं ने आंदोलन कर दिया तेज,आज करेंगे सामूहिक उपवास

नई दिल्ली: मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में देश-विदेश में आप कार्यकर्ताओं ने …