पंचायत चुनाव को लेकर भाजपा की क्या है तैयारी?

लखनऊ। भाजपा 3051 जिला पंचायत वार्ड प्रत्याशियों के साथ ही 826 ब्लॉक प्रमुख पद के लिए प्रत्याशी उतारेगी। राज्य की भाजपा सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर पार्टी 19 मार्च से लेकर 26 मार्च तक कार्यक्रमों व अभियानों के माध्यम से जन-जन तक पहुंच कर सरकार की उपलब्धियों की चर्चा करेगी व समारोह आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी पार्टी के प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के दौरान दी।

उन्होंने बैठक में पार्टी के आगामी कार्यक्रमों व अभियानों के बारे में विस्तार पूर्वक बताया। कहा कि भाजपा आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में 3051 जिला पंचायत वार्ड प्रत्याशी घोषित करेगी। इसके साथ ही 826 ब्लाक प्रमुख पद पर पार्टी चुनाव लड़ेगी। पंचायत चुनाव में वार्ड स्तर पर हर मतदाता से व्यक्तिगत सम्पर्क कर मोदी-योगी सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का काम करना है। पार्टी के युवा, महिला, अनुसूचित एवं पिछड़ा वर्ग मोर्चा के कार्यकर्ता प्रत्येक जिला पंचायत वार्ड में कार्यक्रम आयोजित करेंगे। प्रत्येक जिला पंचायत वार्ड पर पार्टी एक बड़ी सभा आयोजित करेगी।

सरकार के चार साल पर 19 से 26 मार्च तक पूरे प्रदेश में कार्यक्रम

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य की भाजपा सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर पार्टी 19 मार्च से लेकर 26 मार्च तक विभिन्न कार्यक्रमों व अभियानों के माध्यम से जन-जन तक पहुंच कर सरकार की उपलब्धियों की चर्चा करेगी व समारोह आयोजित किए जाएंगे। 19 मार्च को प्रदेश भाजपा सरकार के 4 वर्ष पूरा होने पर लखनऊ में समारोह आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में सरकार की 4 साल की उपलब्धियों का सिंहावलोकन होगा। 19 मार्च को ही प्रदेश के अन्य सभी 74 जिलों में भी समारोह आयोजित किए जाएंगे। जिसमें प्रदेश भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शनी, सेमिनार तथा अन्य माध्यमों से जनसामान्य तक पार्टी पहुंचेगी। 19 से 26 मार्च तक आयेाजित होने वाले कार्यक्रमों के दौरान प्रदेश की सभी 403 विधानसभाओं में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जहां पार्टी के विधायक नहीं वहां सांसद या राज्यसभा सदस्यों के नेतृत्व में कार्यक्रम होंगे।

सभी ब्लाॅकों पर होंगे किसानों से संबंधित कार्यक्रम

पार्टी सभी 826 ब्लॉक पर किसानों से संबंधित कार्यक्रम आयोजित करेगी। जिनमें किसान कल्याण से संबंधित योजनाएं किसानों के बीच साझा की जाएंगी। साथ ही नगर निकायों में आत्मनिर्भर भारत आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश विषय पर उद्योगों को प्रोत्साहन के लिए किए गए सरकार के कार्यों को साझा किया जाएगा। साथ ही 3051 जिला पंचायत वार्डों में युवाओं के कार्यक्रम आयोजित होंगे। पार्टी के 1918 संगठनात्मक मंडलों पर महिलाओं के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 06 अप्रैल को पार्टी के स्थापना दिवस पर पार्टी कार्यकर्ता अपने घरों पर झंडा लगाएगें व 14 अप्रैल को बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर जी की जयन्ती पर बस्तियों में सेवा कार्यों से जुडेंगे। पार्टी आगामी कार्ययोजना के केन्द्र में सक्षम मंडल, सक्रिय बूथ समिति और पन्ना प्रमुख होंगे।

Check Also

रायबरेली में हाईस्कूल में जया तो इंटर में कशिश बनी टॉपर…

रायबरेली:  उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया …